सिद्धान्त-माधुरी · पद 35
गये सब परमहंस बौराय।
पुस्तक का रोमन लिप्यन्तरण: gaye saba paramahansa baurāya
मूल पद के लेखक: जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज
मूल पद
1गये सब परमहंस बौराय।
2जिन सनकादि समाधि-सनक तिन, बने बिटप ब्रज आय।
3जिन कह"अलख"कहतसोइ"आलख", पूर्ण ब्रह्म बलभाय।
4जिन कह ब्रह्म अनाम अगुन तिन, सगुन नाम गुन गाय।
5जिन कह"सोऽहं"तिन"दासोऽहं", कहि-कहि बलि-बलि जाय।
6जिन “कृपालु” कह आनँदमय हम, तिन अँसुवन झरि लाय॥
हिन्दी भावार्थ
ब्रज में समस्त परमहँस पागल हो गये। जिन सनकादिक परमहँसों को समाधि की सनक थी वे सब ब्रज में वृक्ष बन-बन कर अवतरित हुए हैं। जो परमहँस ब्रह्म को अलख'ऐसा कहा करते थे वे ही ब्रज में कहते हैं कि आलख-आलख अर्थात् आकर पूर्णब्रह्म श्यामसुन्दर को देख। जो परमहँस ब्रह्म को नाम गुण रहित कहा करते थे वे ही ब्रज में श्यामसुन्दर के नाम गुण गा रहे हैं। जो परमहँस अपने आपको 'सोऽहं'(मैं वही ब्रह्म हूँ) ऐसा कहा करते थे, वे ही ब्रज में "दासोऽहं '(मैं दास हूँ, श्यामसुन्दर हमारे स्वामी हैं) ऐसा कह-कहकर बलिहार जा रहे हैं 'कृपालु' कहते हैं कि जो परमहँस अपने आपको पूर्ण आनन्दमय कहा करते थे वे ही ब्रज में श्यामसुन्दर के विरही बनकर आँसू बहा रहे हैं।
प्रकाशित पुस्तक से लिप्यंतरित पूरे पद का भावार्थ। स्रोत में पंक्ति-दर-पंक्ति या शब्द-दर-शब्द अर्थ नहीं दिया गया है।
भावार्थ स्रोत पृष्ठ: 88