# जिया नहिं जाय अब तुम बिनु राधे,

Jagadguru Shri Kripalu Ji Maharaj

Source ID: native-yugal-shatak-2005:yugal-shatak-2005-kirtan-075
Canonical page: https://radhey.shreyam1008.com.np/read/yugal-shatak-2005/yugal-shatak-2005-kirtan-075/
Book: Yugal Shatak
Source edition: 17-hi-2005; SHA-256 65e97712a464ad9a811875abe92d7ad166ef58f82c9b675cf4d010c1c940a7f7
Source PDF pages: 154–155

जिया नहिं जाय अब तुम बिनु राधे,
कहाँ जाउँ कासोँ कहूँ, तू ही बता दे।
तू तो सत चित आनँदघन राधे,
तोहिं जाने माने पाये कैसे बता दे।
माया ने भुलाया मेरा दासत्व राधे,
यामें मेरा दोष कहा तू ही बता दे।
मैं तो हूँ अबोध नवजात शिशु राधे,
तू तो करुणामयी प्रेम अगाधे।
रसिकन समुझायो तू ही मम राधे,
माने नहिं मन याय तू ही मनवा दे।
तू तो निज नाम में भी रह नित राधे,
यह मम उर विश्वास दिला दे।
भुक्ति मुक्ति वैकुण्ठ माँगूँ नहिं राधे,
निज दासी दासी की ही दासी बना दे।
तेरे सुख को ही सुख मानूँ नित राधे,
ऐसी ही मेरी चित्तवृत्ति बना दे।
मेरी सब इन्द्रिय मन बुधि राधे,
तेरी नित सेवा माँगें ऐसी बना दे।
मेरी ओर लखो जनि दयामयी राधे,
तू तो है “कृपालु” बिनु हेतु कृपा दे।

Published Hindi meaning — सुश्री ब्रजकुंजरी देवी

भावार्थ—भक्त श्रीराधा के असह्य विरह को न सह सकने से
व्यथित होकर कहता है—हे श्रीराधे! अब तो तुम्हारे बिना एक
क्षण के लिये भी जीवन धारण करना मेरे लिये अत्यन्त कठिन हो
गया है। मैं कहाँ जाऊँ? किससे अपनी पीड़ा कहूँ? यह भी तुम
ही बता दो। राधे! तुम्हारा स्वरूप सत् चित् आनन्दघनमय है। अतः
मैं तुम्हें जानने में असमर्थ हूँ। बिना जाने माना कैसे जाय एवं बिना
माने तुम्हें कोई प्राप्त भी नहीं कर सकता। राधे! मैं तुम्हारा सनातन
दास हूँ परन्तु माया-वश मैं अपने वास्तविक स्वरूप को भूल गया।
मैंने स्वयं को शरीर मान लिया; अतः संसार की दासता करने लगा।
यह दोष मेरा नहीं तुम्हारी माया का है। हे राधे! मैं तुम्हारा अबोध
नवजात शिशु हूँ, असमर्थ हूँ। हे करुणामयी! तुम तो प्रेम की अगाध
समुद्र ही हो; अतः अपने पुत्र की स्वयं ही रक्षा करो। तुम्हारे रसिक
भक्तों द्वारा मुझे यह ज्ञात हुआ कि एकमात्र तुम ही मेरी हो। मेरा
हठी मन इस सत्य पर विश्वास नहीं करता तुम ही कृपा द्वारा मन
में विश्वास जमा दो। हे राधे! तुम्हारे नाम के मध्य भी तुम्हारा
नित्य निवास है। मेरे हृदय में ऐसी दृढ़ प्रतीति तुम ही अपनी शक्ति
से करवा दो। राधे! मैं तुमसे ब्रह्मलोक पर्यन्त के सुख, वैकुण्ठ एवं
मुक्ति का भी सुख नहीं चाहती। तुम यदि अपनी किसी दासी की
भी दासी मुझे बना दोगी तो मैं संतुष्ट हो जाऊँगी। राधे! मैं सदा
तुम्हारे सुख में अपना सुख प्रतीत करूँ, ऐसी मेरी चित्तवृत्ति कब
बनेगी? राधे! मेरी समस्त इन्द्रियाँ, मन एवं बुद्धि निरन्तर तुम्हारी
सेवा याचना करती रहें। हे दयामयी! मेरी तरफ न देखो। हे कृपालु!
तुम अकारण कृपा करती हो; अतः मुझ पर भी कृपा करो।

Native Hindi songs and published Hindi explanations from the supplied 2005 edition. The older image-only Yugal Shatak scan remains a separate source. Supplied edition: Third edition, Sharad Purnima, 17 October 2005. Published explanation: सुश्री ब्रजकुंजरी देवी.

[Previous](https://radhey.shreyam1008.com.np/read/yugal-shatak-2005/yugal-shatak-2005-kirtan-074/) · [Next](https://radhey.shreyam1008.com.np/read/yugal-shatak-2005/yugal-shatak-2005-kirtan-076/)

[Book contents](https://radhey.shreyam1008.com.np/read/yugal-shatak-2005/) · [Source editions and protected PDF](https://radhey.shreyam1008.com.np/books/yugal-shatak/)

Unofficial source transcription. Roman transliteration is not an English translation. No missing meanings are generated.